प्रवासी नीति को लेकर आलोचना का सामना कर रहे अमरीका के बाइडन प्रशासन ने मैक्सिको सीमा से घुसपैठ रोकने के लिए अब नीतिगत स्तर पर अहम यू-टर्न लिया है। बाइडन प्रशासन के गृह मंत्रालय ने टैक्सस से अवैध घुसपैठ के बढ़ते स्तर को रोकने के लिए दक्षिणी टेक्सस में दीवार के एक हिस्से का निर्माण करने की तत्काल जरूरत को रेखांकित किया है। लगभग 32 किमी की इस सीमा का निर्माण मेक्सिको से लगती सीमा पर स्टार काउंटी में किया जाएगा, जहां पिछले दिनों भारी संख्या में घुसपैठ में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस वित्त वर्ष में अब तक इस क्षेत्र से लगभग 2 लाख 45 हजार अवैध प्रवासियों ने प्रवेश किया है। इस दीवार के तेजी से निर्माण में बाधा नहीं आए इसके लिए 26 संघीय कानूनों जैसे लुप्तप्राय प्रजाति अधिनियम, स्वच्छ जल अधिनियम आदि को दरकिनार करने की अनुमति भी दे दी गई है।
ट्रंप की राह पर बाइडन
बाइडन प्रशासन द्वारा जारी कार्यकारी आदेश में कहा गया है कि, 'परियोजना क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ के प्रवेश को रोकने के लिए अमरीका की सीमा पर भौतिक बाधाओं (दीवार) और सड़कों के द्रुत गति से निर्माण की तत्काल आवश्यकता है।' इस तरह के व्यापक प्रभाव वाले आदेश ट्रंप के कार्यकाल में जारी होते थे, जिनका पहली बार बाइडन के कार्यकाल में उपयोग किया गया है। गौरतलब है कि चुनाव से पहले राष्ट्रपति जो बाइडन कहते रहे हैं कि वे मैक्सिको सीमा पर दीवार नहीं बनाएंगे।
इतना ही नहीं, पदभार संभालने के बाद भी बाइडन प्रशासन की ओर से घोषणा की गई थी कि दक्षिणी सीमा पर दीवार का निर्माण समस्या को कोई गंभीर नीतिगत हल नहीं है। लेकिन बाइडन प्रशासन के यूटर्न को देखते हुए अब पूर्व राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप हमलावर हैं। गौरतलब है कि दक्षिणी सीमा पर दीवार बनाने का काम ट्रंप के काल में शुरू हुआ था और उनके कार्यकाल में 80 किमी लंबी दीवार बनाने के साथ 643 किमी की सीमा पर बैरियर्स को अपग्रेड किया गया था।
बाइडन देश के सामने संकट खड़ा करने के लिए जिम्मेदार
मेरी सख्त सीमा नीतियों को निरस्त करके राष्ट्र के सामने घुसपैठ का संकट पैदा करने के लिए राष्ट्रपति बाइडन जिम्मेदार हैं। उन्हें वह सभी काम करने होंगे जो हम कर रहे थे।
- डॉनल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति, अमरीका
एक माह में घुसपैठ में 36 फीसदी की बढ़ोतरी
अमरीका में दक्षिणी सीमा से अवैध घुसपैठियों की संख्या
माह अवैध घुसपैठिए
जुलाई 2023 132,648
अगस्त 2023 181,059
रोज 10000 लोग सीमा पर पहुंच रहे
पिछले सप्ताह हर दिन 10,000 लोग मैक्सिको की उत्तरी सीमा पर पहुंचे।
- एन्ड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर, राष्ट्रपति मैक्सिको
चीनी घुसपैठियों की संख्या में 831 फीसदी की बढ़ोतरी
इस साल अगस्त 2023 तक अमरीकी-मेक्सिको सीमा पर कुल 20,273 चीनी प्रवासी पकड़े गए। जबकि पिछले साल इसी अवधि में 2,176 चीनी घुसपैठिए पकड़े गए थे। इस तरह चीनी घुसपैठियों की संख्या में 831 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी हुई है।
No comments:
Post a Comment